वरुण-यामिनी की शादी संपन्न, परिवार में आई तीसरी बहू
परिवार में आई तीसरी बहू
प्रवीण शुक्ल
वाराणसी। देश के सबसे ताकतवर राजनीतिक परिवार में 37 साल बाद लड़के की शादी की शहनाई गूंजी। नेहरू-गांधी परिवार से वरुण गांधी और यामिनी शादी के बंधन में बंध गए। वैदिक रीति-रिवाज के साथ आज वरुण ने यामिन की मांग भर दी। शादी समारोह वाराणसी के कांची काम कोटेश्वर मंदिर में आयोजित हुआ। ये पूरा समारोह कांची पीठ के प्रमुख स्वामी जयेंद्र सरस्वती की देखरेख में हुआ।
वरुण और यामिनी ने शादी कर ली है। कुछ ही देर बाद दोनों दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। नेहरु-गांधी परिवार में 37 साल बाद बहू के आने की खुशी है। 14 साल पहले वरुण की बड़ी दीदी प्रियंका की शादी हुई थी, लेकिन घर में बहू 37 साल बाद आ रही है। यामिनी राय चौधरी गांधी परिवार की तीसरी बहू है। शादी के बाद अब वो इस देश के सबसे ताकतवर राजनीतिक परिवार के तीसरी बहू हैं। वो सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बाद इस परिवार में स्थान रखती हैं।
राष्ट्रभूमि संवाददाता प्रवीण शुक्ल ने बताया कि मेनका ने अपनी बहू के लिए वाराणसी में जमकर खरीददारी की। उनके लिए खूबसूरत बनारसी साड़ियां खरीदी, लेकिन उन्हें वो साड़ी देना नहीं भूली जो उन्हें उनकी सास इंदिरा ने दी थी। और इंदिरा को जिसे खुद जवाहर लाल नेहरु ने दी थी। इस साड़ी को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जेल में प्रवास के दौरान बुना था। मेनका ने इसी साड़ी में शादी की थी। यामिनी की शादी भी इसी साड़ी में हुई।
इस शादी में सोनिया गांधी नहीं आई। राहुल गांधी का पैर फ्रैक्चर है और वो भी नहीं आए। इस शादी में प्रियंका के आने की संभावना थी, लेकिन वह भी नहीं आई। हालांकि, वरुण ने इस बारे में सफाई दी कि तबियत खराब होने की वजह से प्रियंका शादी में शरीक नहीं हो पाई। वरूण ने मंदिर के बाहर संवाददाताओं से रूबरू होते हुए कहा, "प्रियंका की तबीयत खराब थी इसलिए वह शादी में शरीक नहीं हो पाईं।"
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें